कैंसर से जूझ रहीं सोनाली बेंद्रे ने लिखी इमोशनल पोस्ट – ”मैं सोच रही थी कि 12 साल के बेटे को बीमारी के बारे में कैसे बताऊं, बताया तो समझ में आया कि बच्चों से कुछ छिपाना नहीं चाहिए
सोनाली बेंद्रे न्यूयॉर्क में कैंसर का इलाज करा रही हैं। इस दौरान उनकी फैमिली साथ है और उन्हें पूरा सपोर्ट कर रही है। सोनाली ने अपने बेटे रणवीर के साथ एक फोटो शेयर की है जिसमें दोनों एकसाथ ब्वॉयकट लुक में दिख रहे हैं। हेयरकट करा चुकीं सोनाली के बाल पहले से छोटे लग रहे हैं। सोनाली ने दस जुलाई को हेयरकट लिया था। हेयरकट के बाद की फोटो और इस फोटो में साफ देखा जा सकता है कि बाल कम हो गए हैं। कैंसर में कई बार बाल झड़ जाते हैं। इस फोटो के साथ सोनाली ने एक इमोशनल पोस्ट भी किया है। पोस्ट में उन्होंने बताया है कि उन्होंने कैसे और क्यों अपने बेटे को कैंसर के बारे में जानकारी दी। जब बेटे को पता चली सोनाली के कैंसर की बात…
सोनाली लिखती हैं, “रणवीर का जन्म 12 साल, 11 महीने और 8 दिन पहले हुआ था तभी से मेरे दिल पर उसका राज है” “हम परेशान थे कि कैसे उसे मेरे कैंसर के बारे में बताया जाए। क्योंकि हम उसे परेशानियों से दूर रखना चाहते थे लेकिन ये भी जरूरी था कि उसे पूरे फैक्ट से बारे में पता चले।” “हम हमेशा बेटे के साथ सारी बातें शेयर करते आए हैं और उसके साथ ईमानदार रहे हैं हालांकि इस बार स्थितियां बेहद अलग थीं लेकिन रणवीर ने इसे बहुत ही समझदारी से लिया।” “रणवीर पूरी बात जानने के बाद काफी मैच्योरिटी से इससे डील कर रहा है। कई बार ऐसी स्थिति भी आती है जब वो छोटा बच्चा मुझसे पेरेंट्स की तरह बर्ताव करता है। जैसे मुझे क्या करना है, क्या नहीं”
”अब लगता है कि बच्चों से कुछ छिपाने के बजाय उन्हें सबकुछ बताना चाहिए। उन्हें जिन्दगी की हकीकत के बारे में पता चलना चाहिए। रणवीर की छुट्टियां चल रही हैं और मैं उसके साथ वक्त बिता रही हूं। उसकी मस्ती और पागलपन मुझमें ऊर्जा बनाए रखता है। वो अब मेरी स्ट्रेंथ और पॉजीटिविटी का सोर्स बन गया है। हम एक दूसरे की ताकत बन गए हैं”
सोनाली ने सोशल मीडिया पर दी थी कैंसर की खबर बता दें कि 4 जुलाई को खुद सोनाली ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि उन्हें कैंसर हो गया है और वो ऊपर के स्टेज तक पहुंच गया है। उन्होंने ये भी बताया था कि वे इसका इलाज न्यूयॉर्क में करा रही हैं। सोनाली ने अपने पोस्ट में लिखा था, “कभी-कभी जब आपको कोई उम्मीद नहीं होती तो जिंदगी आपको गुगली देती है। हाल ही में एक रिपोर्ट में सामने आया कि मुझे हाई ग्रेड का कैंसर है।”
“हमें अब तक इसके बारे कुछ पता नहीं था। मेरा परिवार और मेरे दोस्त मेरे साथ हैं। सभी मुझे सपोर्ट कर रहे हैं और ख्याल रख रहे हैं। मैं भाग्यशाली हूं और सभी का शुक्रिया करती हूं। इस सबसे लड़ने का इससे बेहतर कोई दूसरा तरीका नहीं हो सकता।” “मैं फिलहाल न्यूयॉर्क में इलाज करवा रही हूं। मैं आशावादी हूं और रास्ते में आने वाली हर मुसीबत से डटकर लड़ूंगी। अब तक के सफर में अपनों के प्यार और सपोर्ट ने मेरी मदद की है। इसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।”




Comments
Post a Comment