दक्षिण कोरिया की टीम ने खोजा वो जहाज, जिस पर लदा था मुकेश अंबानी की संपत्ति से भी तीन गुना ज्यादा कीमत का सोना, 113 साल पहले डूब गया था
दक्षिण कोरिया की रेस्क्यू टीम ने समुद्र से एक जहाज का मलबा खोजा है जो 113 साल पहले डूब गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उस वक्त जहाज पर 133 बिलियन डॉलर (आज के हिसाब से) कीमत के सोने के बिस्किट लदे थे। ये रकम मुकेश अंबानी की संपत्ति से भी तीन गुना ज्यादा है। बता दें कि ब्लूमबर्ग रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी की संपत्ति 44.3 बिलियन डॉलर है। रूस के इस मिलिट्री जहाज का नाम डिमिट्री डोंसकोई था जो साल 1905 में रूस-जापान युद्ध के दौरान उलेन्ग्डो आयरलैंड में डूब गया था।
जहाज में मिले लोहे के बॉक्स, अंदर हो सकता है सोना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूसी जहाज क्षतिग्रस्त हालत में उलेन्ग्डो आयरलैंड से 1.3 किलोमीटर दूरी पर 434 मीटर की गहराई पर मिला। जहाज में लोहे के बॉक्स मिले हैं, जिसमें सोना होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि अभी तक गोताखोरों ने डिब्बों को नहीं खोला है। वहीं, रूस में रहने वाले सोशल साइंस के एक प्रोफेसर किरिल कोल्सनिकेंको के मुताबिक जहाज पर सोना होने की बात महज अफवाह है। उसमें कोई भी सच्चाई नहीं है।
कैसी है जहाज की हालत?
गोताखोरों ने जब जहाज पर डोंसकोई लिखा देखा तो ही पुष्टि की कि ये वही जहाज है, जो 113 साल पहले डूबा था। गोताखोरों के मुताबिक जहाज का निचला हिस्सा खराब हो चुका है, लेकिन ऊपरी डेक अभी ठीक है। जहाज पर लगे हथियार, तोपें, मशीन गन, एंकर, स्टीयरिंग व्हील जंग खा चुके हैं। जहाज को बाहर निकालने के लिए चीन, कनाडा और ब्रिटेन की कंपनियों से बात की जा रही है। हालांकि रूस के एक कैंपेन ग्रुप ने जहाज के अवशेष मिलने के बाद मांग की है कि गुड विल के तहत जहाज से मिला सारा खजाना उसे लौटा दिया जाए।
सुशिमा वार में डूबा था जहाज डिमिट्री डोंसकोई
जहाज को 1883 में लॉन्च किया गया था। इसका इस्तेमाल भूमध्य सागर में किया जाता था। 1904 में सुशिमा युद्ध हुआ, जिसमें इस जहाज को जापानी सेना का सामना करना पड़ा। इसमें रूस के 38 में से 21 जहाज डूब गए, लेकिन डिमिट्री डोंसकोई जहाज बच गया। लेकिन कुछ दूर जाने के बाद इसे फिर से जापानी सैनिकों ने घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। इससे जहाज पर सवाल 60 लोग मारे गए। जापानियों से बचने के लिए रूस ने जानबूझकर जहाज को समुद्र में डुबो दिया।



Comments
Post a Comment